रांची
नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित G-14 सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी निर्वाची और सहायक निर्वाची पदाधिकारी के साथ विभिन्न निर्वाचन कोषांगों के वरीय व प्रभारी पदाधिकारी मौजूद रहे।
अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोजित इस बैठक में मतदान और मतगणना की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया के हर चरण पर सतत निगरानी रखने और सभी कार्यों को सावधानी व जिम्मेदारी के साथ संपादित करने का निर्देश दिया।
.jpeg)
मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड द्वारा जारी गाइडलाइंस का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्य निष्पादन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा गया।
बैठक में ट्रांसपोर्ट नगर स्थित स्ट्रांग रूम और निर्धारित मतगणना स्थल की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। सुरक्षा व्यवस्था, सामग्री प्रबंधन, आवागमन व्यवस्था और अन्य आवश्यक बिंदुओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके अलावा निर्वाचन कोषांग, कार्मिक कोषांग, मतपत्र एवं मतपेटी कोषांग, सामग्री कोषांग, परिवहन कोषांग, विधि व्यवस्था-सह-आचार संहिता कोषांग, हेल्पलाइन एवं जनशिकायत कोषांग, प्रेक्षक कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, मीडिया कोषांग, निर्वाचन व्यय अनुश्रवण कोषांग, सूचना प्रौद्योगिकी कोषांग तथा नियंत्रण कोषांग की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता और सतर्कता के साथ कार्य करें।
.jpg)